Top News

विश्व साइक्लिंग दिवस पर चमकीं कोढ़ा की बेटियां, दिव्या भारती ने जीता गोल्ड


समेली प्रखंड की मलहरिया पंचायत में विश्व साइक्लिंग दिवस के अवसर पर आयोजित "अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग सिटी लीग" में कोढ़ा प्रखंड की ग्रामीण बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के मार्गदर्शन एवं कटिहार जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न पंचायतों की दर्जनों बालिकाओं ने भाग लिया।

पोखरिया-चौरा रोड स्थित कचरा भवन के समीप आयोजित प्रतियोगिता में मखदमपुर पंचायत के मिर्जापुर गांव की दिव्या भारती ने यूथ बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं आशा कुमारी ने रजत और पायल कुमारी ने कांस्य पदक हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में मिर्जापुर गांव की छोटी कुमारी, श्वेता कुमारी, राधिका कुमारी, खुशी कुमारी, लूसी कुमारी सहित पचमा, पचमा मिलिक और फुलवरिया गांव की कई प्रतिभाशाली बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया राजकुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मनोहर हांसदा तथा जिला साइक्लिंग संघ के सचिव संतोष कुमार ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया।

अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को खेलों में अवसर मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और फिट इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलती है। प्रतियोगिता के विजेताओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य महानंद पंडित, शिक्षक संजीव कुमार, अभिभावक अरुण मेहता, अजय कुमार साह, जीविका दीदी डिंपल कुमारी, वार्ड पंच श्रवण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post