फुलवरिया पंचायत के पचमा चौक से सेमापुर को जोड़ने वाली सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास बना अस्थायी डायवर्सन लगातार बारिश के बाद ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। डायवर्सन पर पानी बहने से स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों व अन्य राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत करीब 18.92 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। रज्जीगंज-पचमा के समीप पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाया जा रहा है, जिसके लिए बनाया गया अस्थायी डायवर्सन अब जर्जर हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि डायवर्सन मानक के अनुरूप नहीं बनाया गया और उसमें लगा पाइप भी टूट चुका है, जिससे पानी का बहाव तेज हो गया है।
कांग्रेस युवा मोर्चा के विधानसभा अध्यक्ष मुरारी कुमार दास ने संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मानसून में भारी बारिश हुई तो तीन पंचायतों का संपर्क बाधित हो सकता है।
घुरल सिंह, चंद्रशेखर महतो, परमानंद महतो व सदानंद महतो समेत कई ग्रामीणों ने सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। वहीं समाजसेवी पुतुल झा ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षित डायवर्सन निर्माण कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।
Post a Comment