Top News

पवई पंचायत के तीन भाई बने बिहार पुलिस जवान, दो युवाओं का अग्निवीर में चयन



कोढ़ा प्रखंड के किशोरगंज पवई पंचायत ने एक अनोखी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। पंचायत निवासी नंदकिशोर यादव के तीनों पुत्रों का बिहार पुलिस में चयन हुआ है। वहीं इसी क्षेत्र के मोहम्मद बशीर (पिता- मोहम्मद अनवर) और करण कुमार यादव (पिता- पप्पू यादव) का भारतीय सेना के अग्निवीर पद पर चयन होने से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
युवाओं की इस सफलता पर नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है तथा अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी है।

मुख्य पार्षद ने कहा कि एक ही पंचायत से तीन सगे भाइयों का बिहार पुलिस में चयन और दो अन्य युवाओं का अग्निवीर के रूप में चयन युवाओं की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। इससे क्षेत्र के युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं और देशसेवा के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
चयन की खबर मिलते ही पंचायत में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने चयनित युवाओं एवं उनके परिवारों को बधाई देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे किशोरगंज पवई पंचायत में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post