Top News

विधायक की पत्नी को हराने वाले मुखिया पर जानलेवा हमला, दो बार मिसफायर से बची जान



रुपौली की सियासत में सनसनी! विधायक की पत्नी को हराने वाले मुखिया पर जानलेवा हमला, दो बार मिसफायर से बची जान
पूर्णिया। रुपौली विधानसभा क्षेत्र की राजनीति से जुड़े एक बड़े चेहरे पर हुए कथित जानलेवा हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बसंतपुर चिंतामणि उस्कावरी पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष दौलत सिंह ने दावा किया है कि अपराधियों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें मौत के घाट उतारने की भी कोशिश की। हालांकि कट्टा दो बार मिसफायर होने से उनकी जान बच गई।
घटना भवानीपुर प्रखंड के बलिया ओपी क्षेत्र स्थित महेशपुर घाट के समीप शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। मुखिया द्वारा बलिया ओपी में दिए गए आवेदन के अनुसार, वह अपने घर लौट रहे थे, तभी तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रस्सी लगाकर उनकी बाइक रोक दी।

आरोप है कि बदमाशों ने कट्टे के कुंदे से उनकी बेरहमी से पिटाई की और जबरन उन्हें पास के केला खेत की ओर ले जाने लगे। मुखिया का दावा है कि वहां उनकी हत्या की नीयत से दो बार फायरिंग का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों बार कट्टा मिसफायर हो गया। इसी बीच सामने से एक ऑटो आता दिखाई दिया, जिसके बाद हमलावर घबराकर मौके से फरार हो गए। दौलत सिंह ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि बदमाश उनके पास रखे 32 हजार रुपये भी छीन ले गए और जाते-जाते गोली मारने की धमकी दी।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसकी वजह यह भी है कि दौलत सिंह वही मुखिया हैं जिन्होंने वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में रुपौली के वर्तमान विधायक कलाधर मंडल की पत्नी जानकी देवी को हराकर राजनीतिक हलकों में बड़ी पहचान बनाई थी। इससे पहले भी उन पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार दूसरी बार हमले के दावे और इस बार कथित तौर पर हत्या के प्रयास की बात सामने आने के बाद भवानीपुर से लेकर रुपौली तक राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे के कारणों पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है।
इस संबंध में बलिया ओपी अध्यक्ष रामलाल भारती ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सवाल यही है कि यह महज छिनतई की वारदात थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post