Top News

विश्व साइकिल दिवस पर भवानीपुर में निकाली गई विशाल साइकिल रैली




भवानीपुर/बमबम यादव
भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ईंधन की बचत के प्रति प्रेरित करना था।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड समन्वयक, प्रखंड परियोजना प्रबंधक विनय कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक तथा स्वच्छता कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के महत्व का संदेश दिया।
रैली प्रखंड मुख्यालय से प्रारंभ होकर थाना चौक होते हुए पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करती हुई पुनः प्रखंड मुख्यालय पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने आमजन को साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, प्रदूषण कम होता है और ईंधन की बचत होती है।
अधिकारियों ने कहा कि साइकिल एक सस्ता, सुलभ और पर्यावरण हितैषी साधन है। इसके नियमित उपयोग से न केवल व्यक्ति स्वस्थ रहता है, बल्कि स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post