Top News

अतिक्रमण के कारण नहीं बन पा रहा नाला, नमाजियों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें


पोठिया प्रखंड क्षेत्र के छत्तरगाछ पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित गेरामाड़ी गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश होते ही गांव की मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जबकि घरों से निकलने वाला नाले और गड्ढों का गंदा पानी भी सड़क पर बहने से पूरे इलाके में कीचड़, बदबू और गंदगी का माहौल बना रहता है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन हजार की आबादी प्रतिदिन इसी सड़क का उपयोग करती है। सबसे अधिक परेशानी जामा मस्जिद जाने वाले नमाजियों को होती है, जिन्हें गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे कई लोगों ने अपनी निजी जमीन को टीन आदि लगाकर घेर रखा है। वहीं कुछ स्थानों पर सड़क से सटाकर किए गए अतिक्रमण के कारण नाला निर्माण संभव नहीं हो पा रहा है। नतीजतन पानी निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं बन सकी है।

ग्रामीण मोहम्मद रिजवान ने कहा कि वर्षों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। यदि प्रशासन सड़क की मापी कर अतिक्रमण हटाए तो नाला निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।

वहीं मौलाना शमीम रियाज और सलाहउद्दीन ने बताया कि बच्चे स्कूल, बुजुर्ग और नमाजी रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क पर जमा गंदा पानी बीमारी फैलने का कारण बन सकता है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर शीघ्र नाला निर्माण कराने की मांग की है। मौके पर मोहम्मद आदिल, सोहेल, तनफूज, अली हुसैन, मोहम्मद फारुक सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post