Top News

जमीनी विवाद में घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट का आरोप, महिला से दुर्व्यवहार की शिकायत


कोढ़ा प्रखंड के मखदमपुर पंचायत स्थित नंदग्राम जलही गांव में जमीनी विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और महिला से दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश कुमार सिंह ने गांव के ही अनिल मंडल, सुनील मंडल, विपिन मंडल, सिंटू मंडल समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।

राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गांव में भूमि को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है। इस संबंध में पूर्व में थाना और जनता दरबार में भी शिकायत की गई थी, जहां निर्णय उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और विपक्षी पक्ष लगातार दबाव बना रहा है।

पीड़ित के अनुसार, बीती रात करीब दस लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और जबरन प्रवेश कर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। आरोप है कि घर में संचालित किराना दुकान से करीब 40 हजार रुपये नकद भी निकाल लिए गए। विरोध करने पर उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई तथा उसे जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास किया गया। परिवार को बेटी की शादी को लेकर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

राजेश कुमार सिंह का कहना है कि विवादित भूमि से संबंधित सभी वैध दस्तावेज उनके पास हैं। उनकी पत्नी पिछले 20 वर्षों से उक्त भूमि पर घर बनाकर किराना दुकान चला रही हैं, जबकि वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post