Top News

चकला गांव में बड़े पैमाने पर मिट्टी कटाई का आरोप, जांच की मांग


समेली प्रखंड की छोहार पंचायत के वार्ड संख्या 5 स्थित चकला गांव में बड़े पैमाने पर मिट्टी कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी मशीन से मिट्टी काटकर ट्रैक्टरों के माध्यम से एक ईंट भट्ठा तक पहुंचाई जा रही है। इस दौरान खनन एवं परिवहन नियमों की अनदेखी किए जाने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार मिट्टी ढोने वाले ट्रैक्टरों पर तिरपाल नहीं लगाया जा रहा है, जिससे सड़क पर मिट्टी गिर रही है और धूल उड़ने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। वहीं कई ट्रैक्टरों के बिना आवश्यक कागजात और वैध दस्तावेजों के संचालन का भी आरोप लगाया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार मिट्टी कटाई से कृषि भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो सकती है। साथ ही बरसात के मौसम में कटाव और जलजमाव की समस्या बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने खनन विभाग, परिवहन विभाग एवं अंचल प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध मिट्टी कटाई और परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि मिट्टी कटाई एवं परिवहन के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति नहीं ली गई है, तो यह खनन नियमों का उल्लंघन है। मामले को लेकर लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post