Top News

मक्का लोड ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, किसान घायल


कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी के गोबराही दियरा स्थित दुर्गा स्थान टोला के समीप मंगलवार को मक्का लोड एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक किसान घायल हो गया, जबकि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मक्का लोड ट्रैक्टर गोबराही दियरा से कुरसेला बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान नदी किनारे स्थित कच्ची सड़क पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना के समय चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे वह सुरक्षित बच गया। वहीं ट्रैक्टर पर सवार किसान वाहन में फंसकर घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसान को बाहर निकालकर उपचार के लिए एक निजी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि किसान को मामूली चोटें आई हैं तथा उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक नहीं थी, लेकिन कच्ची और संकरी सड़क होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को गड्ढे से बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि दियारा क्षेत्र के अधिकांश रास्ते कच्चे और जोखिम भरे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की स्थिति में सुधार की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post