Top News

मानसून से पहले डीएम ने कटाव प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी



मानसून की दस्तक से पहले किशनगंज के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शनिवार को दिघलबैंक प्रखंड के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कनकई नदी से सर्वाधिक प्रभावित ग्वालटोली और पत्थरघट्टी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल द्वारा कराए जा रहे कटाव रोधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जियो बैग डंपिंग, बांस पाइलिंग और बोल्डर कार्य की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।

डीएम नवीन कुमार ने कहा कि मानसून पूर्व सभी संवेदनशील एवं कटाव प्रभावित स्थलों पर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, संसाधनों को तैयार रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि इस बार मानसून से पहले कटाव रोधी कार्य पूरे हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष कनकई नदी के कटाव से ग्वालटोली-पत्थरघट्टी क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि नदी में समा जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post