पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शनिवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने स्टेशन परिसर में महिला प्रतीक्षालय, पुरुष प्रतीक्षालय तथा ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) का उद्घाटन किया। नई सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और वे स्वयं मशीन के माध्यम से आसानी से टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन के चालू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब यात्री तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इससे स्टेशन पर भीड़ कम होगी और यात्रियों के समय की भी बचत होगी।
सांसद ने कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पूर्वोत्तर बिहार, पश्चिम बंगाल और नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है। उन्होंने बताया कि उनकी लगातार मांग रही है कि इस स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर इसका समग्र विकास कराया जाए। रेल मंत्रालय से इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन मिला है और उम्मीद है कि अगले चरण में पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद ने पूर्णिया में प्रस्तावित रेलवे वाशिंग पिट परियोजना की प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूमि मापी और अतिक्रमण से संबंधित कार्रवाई पूरी कर प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय को भेज दिया गया है। वाशिंग पिट के निर्माण के बाद पूर्णिया से कई नई ट्रेनों का परिचालन संभव होगा, जिससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
Post a Comment