Top News

पावर ग्रिड समेत तीन प्रमुख मांगों पर अड़े आंदोलनकारी,भूख हड़ताल का दूसरा दिन


दिघलबैंक। नागरिक एकता मंच के बैनर तले पावर ग्रिड निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत और मोबाइल नेटवर्क में सुधार की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। मुखिया प्रतिनिधि गणेश सिंह के नेतृत्व में दिघलबैंक बाजार परिसर में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग धरने पर बैठे हैं।

अनशनकारी गणेश सिंह ने बताया कि पावर ग्रिड के अभाव में क्षेत्र में लगातार बिजली की आंख-मिचौली बनी रहती है। इसके अलावा खराब सड़कें और कमजोर मोबाइल नेटवर्क भी लोगों के लिए बड़ी समस्या हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनशन स्थल पर पहुंचकर सभी अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की। वहीं, आंदोलन की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष सुशांत गोप भी अनशन स्थल पहुंचे और आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया।

सुशांत गोप ने कहा कि आंदोलनकारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सुशासन के दावों के बावजूद क्षेत्र के लोगों को अब तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आंदोलनकारियों की मांगों से जिले के प्रभारी मंत्री और जिला पदाधिकारी को अवगत कराकर समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। भूख हड़ताल में गणेश कुमार सिंह, जागेश्वर गोस्वामी, हरिनंदन सिंह, अमित कुमार हरिजन, राहुल मंडल, रौनक सिंह, कुमार अभिषेक, सलाम, कलाम, राम प्रसाद दास, दीपक राम सहित दर्जनों स्थानीय लोग और बाजारवासी शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post