Top News

एसएच-91 पर जानलेवा गड्ढे, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा


मुरलीगंज–बिहारीगंज एसएच-91 पर रजनी से मुरलीगंज के बीच कई स्थानों पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।

सबसे अधिक खराब स्थिति कोल्हायपट्टी गांव के वार्ड संख्या छह और सात के पास है। रविवार को इसी स्थान पर एक टोटो गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अब तक कई बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। वहीं चारपहिया और भारी वाहनों को भी सड़क की खराब स्थिति के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीण रणवीर यादव, जगेश्वरी ऋषिदेव, अंकेश यादव, राजदीप यादव, सुशील यादव, विष्णुदेव ठाकुर, कैलाश यादव, टोनू यादव और अमरेश यादव ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में आरसीडी के कार्यपालक अभियंता रविकांत ने बताया कि सड़क मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post