कोढ़ा प्रखंड के फुलवरिया पंचायत अंतर्गत पचमा मिलिक गांव में रविवार की शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान मेहबीस खातून (4), पिता शेख शमशाद, के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार करीब चार बजे मेहबीस खातून जीडी रोड किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही एक पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।
मृतका के पिता शेख शमशाद तथा ग्रामीणों ने जीडी रोड पर बेलगाम वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और फरार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Post a Comment