कटिहार पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते कोढ़ा थाना क्षेत्र से लापता 10 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस सफलता ने एक बार फिर पुलिस की कार्यकुशलता और संवेदनशीलता को साबित किया है।
जानकारी के अनुसार, विशहरिया पंचायत के रहिका टोला निवासी प्रतिमा कुमारी ने 3 जून 2026 को अपने पुत्र दक्ष राज उर्फ गोलू कुमार (10 वर्ष) के लापता होने की लिखित शिकायत कोढ़ा थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार बालक 29 मई की सुबह पढ़ाई के लिए विद्यालय गया था, लेकिन बाद में उसके विद्यालय से गायब होने की सूचना मिली। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर कोढ़ा थाना कांड संख्या 219/26 दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुत्र के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं परिजनों ने कटिहार पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में भी पुलिस की इस सफल कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
Post a Comment