सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ जनकल्याण की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), ठाकुरगंज ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सीमावर्ती गांव धनतोला एवं डोरिया में नि:शुल्क पशु चिकित्सा जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया। इस पहल से 105 पशुपालक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला और कुल 458 पशुओं का उपचार किया गया।
कमांडेंट श्री राज कुमार खलखो के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का संचालन 12वीं वाहिनी किशनगंज के पशु चिकित्सा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट डॉ. रोबिन तिवारी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में 19वीं वाहिनी के उप-कमांडेंट श्री विनोद कुमार दास भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान धनतोला गांव में 202 तथा डोरिया गांव में 256 पशुओं की स्वास्थ्य जांच की गई। उपचारित पशुओं में गाय, भैंस, बकरी, सूअर, मुर्गी एवं कुत्ते समेत विभिन्न पालतू पशु शामिल रहे। जांच के उपरांत पशुओं को आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं।
चिकित्सा सेवा के अलावा पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक पशुपालन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम सुरक्षा बल और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे उपयोगी शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
Post a Comment