Top News

भूसा गोदाम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख


मुरलीगंज पंचायत क्षेत्र के रहिका टोला वार्ड संख्या 13 में मंगलवार दोपहर एक भूसा गोदाम में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का भूसा जलकर पूरी तरह राख हो गया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार गोदाम मालिक रंजीत कुमार एवं मनीष कुमार ने बताया कि मंगलवार करीब 11:30 बजे अचानक गोदाम से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावह स्थिति को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत एवं आपसी सहयोग से आग को आसपास के घरों एवं अन्य गोदामों तक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इधर सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद इलाके में देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा एवं सहायता देने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post