Top News

पूर्णिया में फिर चली गोली: टेंट संचालक को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत नाजुक

पूर्णिया जिले में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के जायनगरा चौक पर शुक्रवार को दिनदहाड़े एक टेंट संचालक को गोली मार दी गई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान हरीराही निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। बताया कि अपराधियों ने गुड्डू को उस वक्त निशाना बनाया, जब वह डीजे वाहन लेकर कहीं जा रहा था। तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली गुड्डू के बांह को चीरते हुए सीधे सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घायल के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में आयोजित एक मेले के दौरान स्टेज पर डांस को लेकर गुड्डू का दिलखुश कुमार से विवाद हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाने में केस भी दर्ज कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस उस समय मामले को गंभीरता से लेती और ठोस कार्रवाई करती, तो आज यह वारदात नहीं होती।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग दहशत में हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post