Top News

सोहजन के पेड़ को लेकर विवाद बना जानलेवा, वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या

पूर्णिया जिले में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां खेत में लगे सोहजन के पेड़ को काटने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा हत्या तक जा पहुंचा। घटना जानकीनगर थाना क्षेत्र के आजाद चौक की है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।

परिजनों के अनुसार, मृतक गोनर पासवान अपने खेत का जायजा लेने गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि उनके खेत में लगा सोहजन का पेड़ पड़ोसी देबू मालाकार द्वारा काट दिया गया है। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर देबू मालाकार और उसके परिजनों ने मिलकर गोनर पासवान पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई में गोनर पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और पूर्णिया-सहरसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी देबू मालाकार फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment

Previous Post Next Post