पूर्णिया जिले में एक बड़ी चोरी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला डगरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बैलगच्छी पूरब चौक स्थित भरत मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित दुकानदार करण कुमार साह के अनुसार, वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में तेज बारिश और बिजली कटौती का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा बिजली नहीं रहने के कारण बंद था, लेकिन पास की दुकान में लगे कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई।
सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर करीब 219 स्मार्टफोन और नगदी गायब पाए गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत 38 से 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।
CCTV फुटेज में तीन अज्ञात चोर साफ नजर आ रहे हैं, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। फुटेज में वे दुकान से मोबाइल लेकर पीछे के रास्ते से फरार होते दिखाई देते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डगरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर चार बोरी खाली मोबाइल बॉक्स और चार्जर बरामद किए हैं, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने सामान को वहीं छांटकर कीमती मोबाइल लेकर फरार हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही मोबाइल डीलर्स एसोसिएशन की टीम भी मौके पर पहुंची। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत केडिया ने कहा कि बिहार में ज्वेलर्स और मोबाइल दुकानदार लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं। थाना से कुछ ही दूरी पर इस तरह की घटना होना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर जल्द ही पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की जाएगी।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है। वहीं इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि डगरुआ थाना पुलिस कब तक इन चोरों तक पहुंच पाती है और इस घटना के बाद जनता का भरोसा दोबारा कायम कर पाती है।
Post a Comment