कटिहार जिले के कुरसेला थाना में सोमवार को पूर्णिया रेंज के आईजी विवेकानंद सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया।
थाना पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी तथा डीएसपी सुनील कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। यह निरीक्षण शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक चला।
आईजी ने थाना के अपराध अभिलेख, अनुसंधान की स्थिति, लंबित मामलों एवं मालखाना का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से लंबित पड़े मामलों का अवलोकन किया गया है तथा संबंधित अधिकारियों को जल्द निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मालखाना में बड़ी संख्या में पुराने जब्त वाहन पाए गए, जिनके निष्पादन के लिए पूर्व में जारी एसओपी के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
आईजी विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि अभिलेखों के अनुसार थाना की स्थिति संतोषजनक है, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र होने के कारण यहां अपराध नियंत्रण की चुनौती लगातार बनी रहती है। विशेष रूप से एनडीपीएस मामलों में वृद्धि चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि इस क्रम में 60 व्यक्तियों को गुंडा पंजी में चिन्हित कर उनके नाम जोड़ने की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
निरीक्षण के दौरान थाना अध्यक्ष राकेश कुमार, एसआई राजीव कुमार, रौनक कुमार, दीपक कुमार, आनंद कुमार, आकांक्षा, रवि कुमार, राजीव रंजन कुमार, भार्गवी कुमारी, सहित कई पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
Post a Comment