कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र में एक ही दिन में दो संदिग्ध मौतों ने इलाके में दहशत और कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला, वहीं दूसरी ओर नदी किनारे एक अधेड़ व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।
पहली घटना विनोदपुर पंचायत के शेखटोला की है। यहां 19 वर्षीय सोनी खातून का शव उसके घर में फंदे से लटका पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोनी की शादी करीब आठ महीने पहले तौकीर आलम से हुई थी, जो पेशे से दर्जी है। प्रारंभिक चर्चा में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है, लेकिन पुलिस ने इसे केवल एक संभावना मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
दूसरी घटना दानीपुर कारी कोशी नदी किनारे की है, जहां बांस के सहारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान डेविड हासदा (50 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में भी मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं।
एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं ने पूरे रौतारा क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
Post a Comment