Top News

सड़क किनारे फैलाए अतिक्रमण हटवाने को नपं सख्त

मुरलीगंज नगर पंचायत के बाजार में गुरुवार को अतिक्रमण के खिलाफ नगर प्रशासन सख्त कदम उठाए। नपं ईओ अजय कुमार एवं स्वच्छता पदाधिकारी शुभम सिंह के नेतृत्व में हाट-बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पंचायत की टीम ने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया और उन्हें दोबारा सड़क पर सामान नहीं लगाने की सख्त हिदायत दी। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी बाइकों को जब्त कर ट्रैक्टर पर लादकर नगर पंचायत कार्यालय ले जाया गया। इसके बाद वाहन मालिकों से 500 रुपये जुर्माना वसूलने के बाद बाइक को छोड़ा गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया। वहीं ईओ अजय कुमार ने ऑटो चालकों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर यात्री बैठाते पाए गए तो उनके खिलाफ चालान काटा जाएगा और आगे से कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने से जाम की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभियान के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों का चालान भी काटा गया। नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा। वहीं नगर प्रशासन ने दुकानदारों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post