Top News

चार दिवसीय नौ कुंडीय गायत्री यज्ञ का समापन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

बैसा प्रखंड अंतर्गत मँझोक पंचायत के चरकपाड़ा गांव में आयोजित चार दिवसीय नौ कुंडीय गायत्री यज्ञ का गुरुवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य समापन हो गया। यज्ञ के अंतिम दिन सुबह से ही गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। आचार्यों द्वारा हवन, पूजन एवं पूर्णाहुति की प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी और अपने परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और संस्कारों की प्रेरणा मिली। यज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, वहीं दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। अंतिम दिन महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर शान्ति कुंज हरिद्वार की टोली ने भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें टोली नायक दिलीप कुमार शास्त्री, गायक नंदन कुमार निराला, सह गायक राम कुमार शास्त्री, तबला वादक श्रवण कुमार एवं पेड वादक सूरज कुमार शास्त्री ने अपनी प्रस्तुति दी। आयोजन कमिटी के सदस्यों ने बताया कि इस यज्ञ का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना का प्रसार करना, आपसी भाईचारा बढ़ाना तथा क्षेत्र में शांति और समृद्धि स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। इस आयोजन को सफल बनाने में पुरोहित हीरा झा के साथ देवेंद्र घोष, दिनेश साह, पारस नाथ, अजय विश्वास, रविन्द्र गोस्वामी, चित्र गोपाल गुप्त, नागेंद्र घोष, अतुल घोष, पंचानन घोष, एकलव्य घोष एवं बसंत साह सहित कई ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच एकता और भाईचारा मजबूत होता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post