Top News

अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने कसा शिकंजा,जेसीबी जब्त

ठाकुरगंज प्रखंड के तातपौआ पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या तीन स्थित भेलागुड़ी में गुरुवार को मिट्टी खुदाई को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के एक पक्ष का गुस्सा फूट पड़ा. बताया गया है कि उक्त भूखंड के समीप संचालित ईंट भट्ठे के समीप जेसीबी से की जा रही मिट्टी की खुदाई से एक ही परिवार के आक्रोशित सदस्यों ने काम को रुकवाते हुए घटना की सूचना सुखानी थाना पुलिस प्रशासन को दी. जमील अख्तर ने आरोप लगाया कि उक्त जेसीबी के माध्यम से यू के भाई की निजी जमीन से जबरन मिट्टी काटी जा रही थी. इनलोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि बिना अनुमति के इस तरह का खनन उनके खेतों और पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रहा है. वहीं मिली जानकारी के अनुसार दूसरी ओर, संबंधित ईंट भट्टा मालिक ने इन आरोपों को निराधार बताया है. उनका दावा है कि मिट्टी का खनन किसी दूसरे की जमीन पर नहीं, बल्कि उनकी अपनी निजी जमीन पर किया जा रहा था. मालिकाना हक को लेकर दोनों पक्षों के बीच गतिरोध की स्थिति बनी हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने दोनों पक्षों से जमीन की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. इधर घटना की सूचना मिलते ही सुखानी पुलिस ने जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है. सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने मामले के संबंध में बताया कि जेसीबी को जब्त कर लिया गया है और इस मामले की आधिकारिक सूचना खनन विभाग को दे दी गई है. हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से एफआईआर दर्ज करने कराने की बात पुलिस के द्वारा सामने नही आई है. अब खनन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि खुदाई नियमों के तहत हो रही थी या नहीं.

Post a Comment

Previous Post Next Post