पोठिया प्रखंड के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र स्थित शीतलपुर मोड़ पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए ।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इस्लामपुर जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे ।ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की 112 टीम जिस बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा कर रही थी, उसी ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और चालक नियंत्रण खो बैठा। इस्लामपुर की ओर जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह टूट गई। सतमेरी निवासी मैनुल हक, 55 वर्ष, की मौके पर ही मौत हो गई। मिर्जापुर निवासी जलालुद्दीन, 60 वर्ष, और सात साल की बच्ची आसिफा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का इलाज किशनगंज के निजी अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। चालक की पहचान बलदिया हाट निवासी नदीम के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया। लोगों ने आगजनी कर विरोध जताया। ग्रामीणों का साफ आरोप है कि इलाके में लंबे समय से बालू माफिया सक्रिय हैं। प्रशासन की ढीली कार्रवाई के कारण उनका मनोबल बढ़ा है। इसी लापरवाही ने एक और जान ले ली।
सूचना मिलते ही पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार, पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन, अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता और छत्तरगाछ ओपी प्रभारी राम बहादुर शर्मा मौके पर पहुंचे। सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी सह प्रभारी सीओ पोठिया जवाद आलम, एसडीपीओ मंगलेश कुमार और टाउन डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों को ग्रामीणों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी जवाद आलम ने कहा कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि यह घटना बेहद गंभीर है। ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। किसी भी कीमत पर उसे बख्शा नहीं जाएगा। अवैध बालू खनन में शामिल लोगों की पूरी चेन को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही बड़े स्तर पर कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ कहा कि अवैध खनन और उससे जुड़े नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद प्रशासन के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक की बीमार पत्नी नोरेतुन बेगम मौके पर पहुंचीं और बदहवास होकर रोने लगीं। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post a Comment