Top News

भैरोपट्टी हॉल्ट की समस्या पर लोगों ने किया प्रदर्शन, मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग

मुरलीगंज–बुधमा के बीच स्थित भैरोपट्टी हॉल्ट की समस्याओं को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हॉल्ट के जीर्णोद्धार, प्लेटफॉर्म ऊंचा करने, पेयजल, शौचालय व रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने समेत सभी पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव और संख्या बढ़ाने की मांग उठाई गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकपा नेता प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि वर्ष 2003 से संचालित इस हॉल्ट पर बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाएं आज भी नदारद हैं। हॉल्ट की स्थिति जर्जर हो चुकी है और यहां सुरक्षा का भी अभाव है। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म नीचा होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में रेल प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वार्ड सदस्य संघ के जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि हाल ही में समस्तीपुर डीआरएम को मांग पत्र सौंपा गया था और दो महीने में समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। किसान नेता अनिल भारती ने कहा कि इस क्षेत्र से रेलवे को अच्छा-खासा राजस्व मिलता है, इसके बावजूद यहां की अनदेखी की जा रही है। वहीं राजद किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद ईशा ने कहा कि 23 वर्षों के बाद भी हॉल्ट को व्यवस्थित नहीं किया जा सका है, जिससे रात के समय यात्रियों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। राजद नेता नीरज कुमार ने भी केंद्र सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में उमाशंकर मुन्ना, मोहम्मद सद्दाम हुसैन, राशिद, जुबेर, विजय यादव, सियाराम यादव, श्रवण कुमार, लक्ष्मण ऋषिदेव, मोहम्मद फिरोज, अंसारुल, सैयद, शकीरा, खालिद सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post