के.नगर प्रखंड क्षेत्र के बिठनोली पश्चिम पंचायत स्थित पंचायत भवन में बिहार किसान मजदूर संघ के तत्वावधान में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व संघ के संयोजक अनिरुद्ध मेहता ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने की।
बैठक में प्रखंड क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए अधिक से अधिक किसानों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि प्रखंड कृषि कार्यालय से किसानों को योजनाओं की समय पर जानकारी नहीं मिल पाती है। कृषि सलाहकारों द्वारा पर्याप्त सूचना नहीं दिए जाने के कारण कई किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से केनगर प्रखंड स्तर पर संघ की कमिटी का विस्तार किया गया। इसमें नवीन कुमार को प्रखंड अध्यक्ष तथा विनोद स्वर्णकार को उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया।
नव मनोनीत पदाधिकारियों को संघ के उपाध्यक्ष अनिरुद्ध मेहता द्वारा प्राथमिक सदस्यता पर्ची एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष नवीन कुमार ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और सजगता के साथ निभाने तथा किसानों के हित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।
Post a Comment