नगर पंचायत भवानीपुर में अभी बारिश का मौसम ठीक से शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन हल्की बारिश में ही मुख्य बाजार की स्थिति नरकीय हो जाती है। जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ के कारण आम लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि नाला निर्माण कार्य लंबे समय से बाजारवासियों की मांग के बावजूद अब तक नहीं किया गया है, जो अब लोगों के लिए अभिशाप बन गया है। अव्यवस्थित स्थिति के कारण पानी निकासी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
स्थानीय समाजसेवी चंदन कुमार ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा नाला निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। हल्की बारिश में ही बाजार की यह हालत हो जाती है, तो आगे भारी बारिश में स्थिति और भयावह हो सकती है। प्रशासन को जल्द से जल्द इस पर ध्यान देना चाहिए, नहीं तो आम लोगों की परेशानी बढ़ती ही जाएगी।
वहीं स्थानीय दुकानदार रोहन गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, विपिन शाह और संजय स्वर्णकार ने बताया कि “बारिश होते ही दुकान के सामने पानी भर जाता है, जिससे ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित होता है। कीचड़ और बदबू के कारण व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।अगर समय रहते नाला निर्माण कार्य नहीं किया गया, तो आने वाले मानसून में भवानीपुर बाजार की स्थिति और भी बदतर हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से जल्द समाधान की मांग की है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक नगर पंचायत प्रशासन द्वारा पंपसेट के माध्यम से बाजार से पानी तत्काल निकाल दिया गया।
Post a Comment