Top News

तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार दो मौसेरे भाइयों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर चैती दुर्गा मंदिर के समीप शनिवार की सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार दो मौसेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार एनएच-31 पर डूमर से कुरसेला की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे साइकिल से जा रहे दो मौसेरे भाइयों को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार पागलवाड़ी, थाना मनिहारी निवासी 18 वर्षीय एक मौसेरे भाई सुजीत कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समेली निवासी सुमन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में समेली स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।इधर दुर्घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-31 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण कटिहार और पूर्णिया की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर महाजाम की स्थिति बनी रही। घटनास्थल से डूमर और कुरसेला तक वाहनों की लंबी कतार लग गई तथा एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। कई बड़े यात्री वाहन वैकल्पिक मार्ग से स्टेट हाईवे होकर गुजरते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। इस दौरान मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। बाद में डीएसपी रंजन कुमार सिंह सीओ ने परिजनों एवं ग्रामीणों को काफी देर तक समझा-बुझाकर सरकारी मुआवजे का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई है। वहीं शव की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया है।
बताया गया कि थाना मनिहारी निवासी सुजीत कुमार यादव होली के अवसर पर अपने मौसा समेली मुरादपुर निवासी अजय यादव के घर आया हुआ था। वह अपने मौसेरे भाई सुमन यादव के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सुजीत कुमार यादव की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप चालक की लापरवाही से यह सड़क दुर्घटना हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सड़क जाम को समझा-बुझाकर हटवा दिया गया है और मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post