Top News

टूटी पीसीसी सड़क से महादलित टोला के ग्रामीण परेशान, आठ साल में ही उजड़ गई विकास की राह

कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत उत्तरी सिमरिया पंचायत के कोलासी वार्ड संख्या 11 स्थित महादलित टोला में आठ वर्ष पूर्व जिला परिषद मद से बनाई गई पीसीसी सड़क बरसात की मार नहीं झेल सकी और अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। लगातार हुई बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गड्ढे में बदल गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन खतरे से भरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क महादलित टोला के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है, जिससे होकर लोग रोज सुबह से लेकर देर रात तक आना-जाना करते हैं। सड़क के टूट जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय अंधेरा रहने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार अंधेरे में लोगों का पैर फिसल जाने से वे गड्ढे में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को सूचना दी गई तथा समाचार पत्रों के माध्यम से भी इस समस्या को उठाया गया, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि महादलित टोला के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post