प्रखंड क्षेत्र के मीरगंज चौक स्थित एसएच-91 पर सड़क के बीच लगने वाली फल और सब्जी दुकानों को शनिवार को प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए हटाया गया। अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने मुरलीगंज थाना में पुलिस बल के साथ मीरगंज पहुंचकर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को खाली कराया। वहीं सीओ ने बताया कि मापी कराकर करीब 37 दुकानदारों का नाम लिखा गया है। उन सभी दुकानदारों को नोटिस किया जाएगा। इसके बाद फिर से अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब हो कि मीरगंज चौक प्रखंड का एक व्यस्त चौराहा है, जहां सड़क के बीच फल की दुकानें लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। सड़क संकरी हो जाने के कारण बड़े वाहनों के गुजरने में परेशानी होती थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सड़क के बीच लगी सभी फल दुकानों सहित सब्जी दुकान को हटवा दिया। इस दौरान अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आगे से कोई भी व्यक्ति सड़क पर दुकान लगाकर अतिक्रमण नहीं करेगा। अगर दोबारा ऐसा पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटने के बाद मीरगंज चौक पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे सड़क पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
मीरगंज चौक पर सड़क से हटाया गया ।
Cityhalchal News
0
Post a Comment