Top News

पवन हंस आंख अस्पताल में इफ्तार पार्टी का आयोजन, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

मधेपुरा शहर के पश्चिमी बाईपास स्थित पवन हंस आंख अस्पताल परिसर में रोजेदार मुसलमान भाइयों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में रोजेदारों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई प्रसिद्ध चिकित्सक शामिल हुए। इफ्तार के बाद रोजेदारों ने नमाज अदा कर आपसी भाईचारे, सौहार्द और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।
मौके पर समाजसेवी शौकत अली तथा लायंस क्लब सिंघेश्वर के अध्यक्ष डॉ. सुधाकर कुमार ने बताया कि अस्पताल के संचालक डॉ. संजय कुमार और डॉ. जाहिद अख्तर के द्वारा पिछले 18 वर्षों से लगातार इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में हिंदू-मुस्लिम सभी लोग मिलकर एक साथ इफ्तार करते हैं और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं।
उन्होंने बताया कि लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अस्पताल द्वारा मानव सेवा से जुड़े कई सराहनीय कार्य किए जाते हैं। दीपावली के अवसर पर “नई सृष्टि, नई दृष्टि” अभियान के तहत जरूरतमंद मरीजों के आंखों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाता है। वहीं ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों के बीच गर्म कपड़े और कंबल का वितरण भी किया जाता है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के लिए समय-समय पर पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
इस मौके पर डॉ. संजय कुमार और डॉ. जाहिद अख्तर ने कहा कि आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ देश में अमन-चैन बना रहे, इसी उद्देश्य से हर वर्ष इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी पर्वों को मिल-जुलकर मनाने से समाज में एकता और सद्भाव मजबूत होता है।
कार्यक्रम में लायंस क्लब इंटरनेशनल से जुड़े कई सदस्य भी मौजूद रहे। इनमें संस्थापक अध्यक्ष डॉ. एस.एन. यादव, जोनल चेयरपर्सन डॉ. आर.के. पप्पू, डॉ. पी.के. यादव तथा ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक राजेश कुमार राजू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post