बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में आस्था और लोक संस्कृति के प्रतीक बाबा दीनाभद्री के सम्मान में आयोजित होने वाले हिंदुस्तान के एकमात्र राजकीय दीनाभद्री महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 14, 15 और 16 मार्च को बनमनखी के ऐतिहासिक सुमरित उच्च विद्यालय क्रीड़ा मैदान में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बनमनखी अनुमंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता बनमनखी अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने की। वहीं बनमनखी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक कृष्ण कुमार ऋषि मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में अनुमंडल के कई प्रशासनिक पदाधिकारी, प्रबुद्ध समाजसेवी तथा आयोजन समिति के सदस्य भी शामिल हुए।
बैठक में महोत्सव में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, विधि-व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि बाबा दीनाभद्री महोत्सव क्षेत्र की आस्था और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इस महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासन और आम लोगों को मिलकर कार्य करना होगा।
गौरतलब है कि बाबा दीनाभद्री महोत्सव को राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त है, जो इसे पूरे देश में विशिष्ट बनाता है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष महोत्सव को और अधिक भव्य और आकर्षक रूप में आयोजित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
Post a Comment