Top News

मखाना खेत में संदिग्ध हालात में मजदूर का शव मिलने से सनसनी

पूर्णियां। अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल पंचायत अंतर्गत हरिखाल गांव निवासी इतवारी हेंब्रम (उम्र 25 वर्ष) का शव भटना गांव के समीप एक मखाना के खेत में संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता का नाम स्व. जोहान हेंब्रम बताया गया है। जानकारी के अनुसार इतवारी हेंब्रम मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे घर से मखाना के खेत में मजदूरी करने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। इसी दौरान देर शाम खेत में घास काटने पहुंची कुछ महिलाओं की नजर मखाना के खेत में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। पहले तो महिलाएं घबरा गईं। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसे संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत मान रहे हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी सुमु टुडू और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है और घटना के बाद पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post