मधेपुरा जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कौड़ीहार तरावे गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में जन आरोग्य एवं विधिक परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं कानूनी सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव पूजा कुमारी साह, पूर्व मुखिया शंभू यादव तथा श्रीराम स्पाइन एंड ट्रामा सेंटर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के उपरांत उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर में हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुष्मिता कुमारी, आंख रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन सौरभ तथा जनरल फिजिशियन डॉ. मनीष कुमार सहित छह विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने करीब 2000 ग्रामीण मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई और आवश्यक दवाइयों का भी मुफ्त वितरण किया गया।
इसके अलावा, विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से लोगों को उनके कानूनी अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत की प्रक्रिया एवं विभिन्न सामाजिक योजनाओं की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिला और लोगों में स्वास्थ्य एवं कानून के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
Post a Comment