Top News

मुरलीगंज में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान

मुरलीगंज नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 में रविवार देर रात भीषण आग लगने से एक स्टील फर्नीचर और एक अंग्रेजी दवा की दुकान जलकर खाक हो गई। यह घटना बाजार के मुख्य सड़क पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के ठीक सामने हुई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। दुकान मालिकों ने मुरलीगंज थाने में आवेदन देकर मामले की जानकारी दी है। नपं वार्ड नंबर 12 निवासी दुकानदार प्रवीण कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि 8 मार्च 2026 की रात करीब 11:55 बजे उनकी दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान एसबीआई एटीएम के ठीक सामने स्थित है। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और वे बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोका जा सका और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। शुरुआती आशंका के अनुसार, यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। आग की चपेट में प्रवीण स्टील फर्नीचर से सटा रेशमी ड्रग स्टोर (अंग्रेजी दवाखाना) भी आ गया। दवा दुकानदार रामपुर वार्ड 8 निवासी मिथिलेश कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में रखा करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का सामान और दवाएं जलकर राख हो गईं। घटना के बाद प्रवीण कुमार और मिथिलेश कुमार दोनों ने मुरलीगंज थाने में अलग-अलग आवेदन दिए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post