कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रखंड फलका अंतर्गत ग्राम पंचायत हथवाड़ा निवासी कन्हैया सिंह के सुपुत्र सन्नी राज के संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर कोढ़ा विधानसभा की भाजपा विधायक कविता पासवान , विधायक प्रतिनिधि, रमण झा , पुर्व मंडल अध्यक्ष डोमन चौधरी, पार्षद अमित कुमार मंडल, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, मनोज ठाकुर , राहुल झा,व अन्य भाजपा नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर सन्नी राज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने सन्नी राज को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सन्नी राज की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर उन्होंने ईश्वर से सन्नी राज के उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशासनिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे अपने कार्यों से समाज और देश की सेवा करें तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं परिजन भी मौजूद थे, जिन्होंने सन्नी राज को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। पूरे गांव में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
Post a Comment