कुरसेला के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित देवीपुर चौक के समीप शिवराम ढाबा परिसर में शनिवार को बिहार ड्राइवर महासंघ की ओर से अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जिलों से आए ड्राइवर संघ के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष एवं चालकों ने भाग लिया।बैठक की अध्यक्षता कटिहार ड्राइवर संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद साहनी ने की। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए ड्राइवर संघ के पदाधिकारियों को बुके व शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रंजन कुमार ने ड्राइवरों के बीच संगठन की 10 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की।ड्राइवर महासंघ की प्रमुख मांगों में सड़क दुर्घटना में ड्राइवर की मृत्यु को आपदा श्रेणी में शामिल करने, ड्राइवर वेलफेयर फंड की व्यवस्था करने, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये मुआवजा तथा अंगभंग होने पर 10 लाख रुपये मुआवजा देने और मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन योजना लागू करने तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों को तत्काल पेंशन देने की भी मांग रखी गई।महासंघ ने ड्राइवरों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण देने, सभी व्यावसायिक वाहनों में आगे-पीछे छह कैमरे लगाने, 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित करने तथा चालकों को द्वितीय श्रेणी सैनिक का दर्जा देने की मांग भी सरकार से की है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल चालकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक सरकारी अस्पताल के आईसीयू में एक बेड ड्राइवरों के लिए आरक्षित करने तथा ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग उठाई गई।बैठक के बाद शिवराम ढाबा में बिहार ड्राइवर महासंघ के चालक संघ कार्यालय का विधिवत पूजा-अर्चना व फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कटिहार जिलाध्यक्ष प्रमोद साहनी ने कहा कि कार्यालय खुलने से चालकों के बीच आपसी समन्वय मजबूत होगा तथा आकस्मिक स्थिति में एक-दूसरे से संपर्क कर सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा।मौके पर भागलपुर जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार, बांका जिलाध्यक्ष नीरज यादव, मुंगेर जिलाध्यक्ष अवधेश प्रसाद यादव, कुरसेला प्रखंड अध्यक्ष गौतम कुमार, संतोष, चंदन, संतोष यादव समेत दर्जनों चालक उपस्थित थे।
ड्राइवरों की 10 सूत्री मांगों को लेकर कुरसेला में बैठक, कार्यालय का हुआ उद्घाटन
Cityhalchal News
0
Post a Comment