पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
पूर्णिया में विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और जमीनी व घरेलू विवादों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) स्वीटी सहरावत के निर्देश पर शुक्रवार को सभी थानों में 'जनता दरबार' आयोजित किया गया। इस दौरान थानाध्यक्षों ने अंचल अधिकारियों के साथ मिलकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। रुपौली थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। रुपौली थानाध्यक्ष अभय रंजन ने बताया कि सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 5 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में मुख्य रूप से जमीनी विवाद, घरेलू मारपीट और आपसी रंजिश से जुड़े प्रकरण शामिल थे। भूमि संबंधी झगड़ों को आपसी सहमति से सुलझाया गया
जबकि पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर समझौता कराया गया। वहीं, अकबरपुर थाना में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज ने बताया कि शुक्रवार को सुनवाई के लिए कोई नया मामला सामने नहीं आया। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सक्रिय है और पुराने मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता दरबार को केवल औपचारिकता न समझा जाए। उन्होंने जमीनी विवाद जैसे संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना या हिंसक झड़प को रोका जा सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करना, आम जनता को कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने से बचाना और विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान कर शांति स्थापित करना है। जिन थानों में मामले लंबित रह गए हैं, उन्हें अगले शुक्रवार तक जांच रिपोर्ट तैयार कर निष्पादित करने का लक्ष्य दिया गया है।


Post a Comment