कुरसेला नगर पंचायत के इंदिरा ग्राम स्थित महंत स्थान में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित चार दिवसीय शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ।शोभायात्रा महंत स्थान से प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों कुंवारी कन्याएं और महिला श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। श्रद्धालु गाजे-बाजे और भगवान शिव के जयकारों के साथ पूरे इंदिरा ग्राम का भ्रमण करते हुए त्रिमोहनी संगम तट पहुंचे। वहां विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश में गंगाजल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः पूजा स्थल पहुंचकर स्थापित होने वाले शिवलिंग की पूजा-अर्चना में शामिल हुए।पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार मंडल, पूर्व मुखिया लाल बहादुर मंडल, जगन्नाथ मंडल सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि महोत्सव का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में रुद्राभिषेक, हवन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।14 फरवरी, शनिवार को देव पूजा सह जलाधिवास का आयोजन होगा। 15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि के दिन विधिवत शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई जाएगी। इस अवसर पर भव्य हरि कीर्तन का भी आयोजन होगा। वहीं 16 फरवरी, सोमवार को सत्यनारायण कथा, हवन एवं यज्ञ के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए ग्रामवासी एवं पूजा समिति के सदस्य पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन को लेकर पूरे कुरसेला परिक्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। बताया गया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर मेडिकल टीम के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई थी।एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
Post a Comment