कोढ़ा (कटिहार)। कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के गेराबाड़ी बाजार में बैरिकेडिंग को लेकर शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जिसके कारण बाजार करीब आठ घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। हाल ही में जिला प्रशासन के निर्देश पर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। इसके बाद सर्विस रोड को खाली रखने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर पंचायत द्वारा बैरिकेडिंग कराई जा रही थी। इसी को लेकर स्थानीय दुकानदारों और कुछ लोगों ने विरोध जताया और बाजार बंद कर दिया।
बाजार बंद रहने से दवा दुकानों को छोड़कर कपड़ा, फल, सब्जी, सर्राफा समेत लगभग सभी प्रकार की दुकानें बंद रहीं। अचानक बाजार बंद होने से खरीदारी करने पहुंचे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई लोग जरूरी सामान लिए बिना ही वापस लौटने को मजबूर हो गए।
खरीदारी करने आए सुना, एहसान, शाहबाज, रुखसाना सहित अन्य लोगों ने बताया कि बैरिकेडिंग को लेकर हुए विवाद के कारण बाजार बंद रहने से रोजमर्रा की वस्तुएं नहीं मिल सकीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के विवाद का सीधा असर आम जनता पर पड़ता है और लोगों को अनावश्यक परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के पदाधिकारी और विधायक प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने और आपसी सहमति बनाने के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलनी शुरू कीं, जिसके बाद बाजार में धीरे-धीरे चहल-पहल लौट आई और स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के बाद बैरिकेडिंग की प्रक्रिया बिना पर्याप्त संवाद के शुरू कर दी गई, जिससे भ्रम और असंतोष की स्थिति पैदा हुई। वहीं प्रशासन का मानना है कि बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए बैरिकेडिंग आवश्यक है।
फिलहाल अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करने की अपील की है, ताकि बाजार की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।
Post a Comment