राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर अवैध वसूली और पशु तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कोढ़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित लाइनर को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर चौक के पास की गई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मो. तनवीर आलम (35 वर्ष), पिता मो. मोतीउर रहमान, निवासी बड़गांव विशनपुर वार्ड संख्या-01, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मवेशी लदे वाहनों को रोककर चालकों से अवैध वसूली कर रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पशु तस्करी से जुड़े अन्य लोग इस नेटवर्क में शामिल हैं या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से एनएच-31 पर सक्रिय अवैध वसूली और तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
Post a Comment