कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र को हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराए जाने के बाद अब जाम की समस्या से निपटने के लिए गेड़ाबाड़ी बाजार में बैरिकेडिंग का कार्य तेज कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पंचायत द्वारा बाजार के विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि फल एवं सब्जी विक्रेता निर्धारित दायरे के अंदर ही दुकान लगाएं और सड़क पर फैलने वाली भीड़ से आम लोगों को राहत मिल सके।बैरिकेडिंग को लेकर स्थानीय दुकानदारों और कुछ नागरिकों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि बैरिकेडिंग से कारोबार प्रभावित होगा और ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। बढ़ते विरोध को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि गौरव पासवान को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम स्वयं गेड़ाबाड़ी बाजार पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मियों के साथ मिलकर बैरिकेडिंग के लिए स्थान चिन्हित किया और मौके पर ही कार्य शुरू कराया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और आम लोगों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।वहीं इस बाबत मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया की गेराबारी में लगातार जाम की समस्या से निजात को लेकर यह प्रशासनिक कारवाई की जा रही है ताकी नगर पंचायत सहित आसपास के लोगों को सुलभ तरीके से आवागमन कराया जा सके जिसका पालन हम सभी को करना आवश्यक है ।प्रशासन का मानना है कि बैरिकेडिंग लागू होने से सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगने वाली दुकानों पर नियंत्रण होगा और लगातार लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। वहीं प्रशासन ने दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाएं, ताकि बाजार की व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
मौके पर डीएसपी रंजन कुमार, थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार, कोढ़ा सीओ सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान दीपक कुमार, सुनील कुमार, श्याम कुमार, सोनू सहित कई स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे बाजार क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
Post a Comment