नीट छात्रा की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि फिर एक छात्रा की संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ है। पटना के दानापुर स्थित एम्स गोलंबर के पास हरी नगर कॉलोनी में गुरुवार की सुबह जो हुआ, उसने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फुलवारीशरीफ की रहने वाली 17 साल की पिंकी कुमारी सुबह 8 बजे घर से बड़े चाव के साथ अपनी कोचिंग के लिए निकली थी। लेकिन ठीक एक घंटे बाद यानी 9 बजे परिवार को खबर मिलती है कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही। हैरानी की बात तो ये है कि छात्रा की लाश कोचिंग से कुछ ही दूरी पर सड़क पर पड़ी मिली, पर वहां खून का एक कतरा तक नहीं था।
इस पूरे मामले में पटना पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा है जो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पिंकी सफेद कपड़ों में काफी हड़बड़ी में सीढ़ियों से चौथी मंजिल की तरफ जा रही है। तभी उसके ठीक पीछे एक लड़का ऊपर जाता दिखता है और उसके कुछ ही देर बाद दूसरा लड़का भी सीढ़ियों से ऊपर भागता है। फिर अचानक छात्रा ऊपर से नीचे गिरती हुई दिखाई देती है। सबसे ज्यादा शक तब गहराता है जब वही दोनों लड़के वापस सीढ़ियों से नीचे उतरते हैं, बीच में रुककर लाश को देखते हैं और फिर वहां से नौ दो ग्यारह हो जाते हैं।
वही पिंकी के पिता और भाई प्रियांशु का साफ कहना है कि ये हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उनका आरोप है कि पिंकी को चौथी मंजिल से धक्का दिया गया है। भाई का कहना है कि जब उसे फोन आया तो बताया गया कि बहन एम्स में भर्ती है, पर वहां पहुंचने पर उसकी मौत हो चुकी थी। पिंकी की कोचिंग दूसरी तरफ थी, तो वो इस बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर कैसे पहुंची? शरीर पर चोट के निशान और टूटे हुए हाथ-पैर चीख-चीख कर कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए फुलवारीशरीफ एसडीपीओ सुशील कुमार ने मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस ने फिलहाल 3 संदिग्धों को डिटेन किया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा भर दिया है। छात्रा ने अभी 1 फरवरी को ही कोचिंग जॉइन की थी और महज 12 दिनों के भीतर उसकी संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।
Post a Comment