Top News

गायक उदित नारायण के खिलाफ पत्नी ने दिया थाने में आवेदन


पार्श्व गायक उदित नारायण झा की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने मंगलवार को महिला थाना सुपौल में आवेदन देकर अपने पति, देवर समेत अन्य पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाए हैं। आवेदिका ने प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। मामला विवाह के बाद कथित धोखा, चिकित्सकीय प्रक्रिया के नाम पर गंभीर अनियमितता और वर्षों तक मानसिक व सामाजिक प्रताड़ना से जुड़ा बताया गया है।
आवेदन के अनुसार रंजना नारायण झा की शादी 07 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उदित नारायण झा उर्फ उदित नारायण से हुई थी। शादी के बाद वर्ष 1985 में उनके पति पार्श्व गायन के क्षेत्र में करियर बनाने मुंबई चले गए। इसी दौरान कथित रूप से उन्होंने दीपा नामक महिला से दूसरा विवाह कर लिया, जिसकी जानकारी रंजना को काफी समय बाद मीडिया के माध्यम से मिली। पीड़िता का आरोप है कि इस संबंध में पूछने पर उन्हें वर्षों तक गुमराह किया गया।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 1996 में इलाज के नाम पर उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां कथित रूप से एक बड़े अस्पताल में बिना उनकी जानकारी और सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया। इस कथित घटना में पति उदित नारायण झा, उनके भाई संजय कुमार झा (निवासी वीरपुर वार्ड संख्या-04) और ललित नारायण झा की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है। रंजना का दावा है कि इस ऑपरेशन की वास्तविक सच्चाई उन्हें वर्ष 2025 में इलाज के दौरान पता चली।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि दिल्ली में ऑपरेशन के दौरान दीपा नारायण नामक महिला मौजूद थी, जिसके बारे में बाद में जानकारी मिली कि उसी महिला के साथ उनके पति का कथित अवैध संबंध है। पीड़िता के अनुसार इस संबंध से एक पुत्र आदित्य नारायण का जन्म हुआ है। महिला ने पूरे घटनाक्रम को आपराधिक षड्यंत्र करार दिया है।
पीड़िता का कहना है कि उन्हें वर्षों तक दांपत्य जीवन से अलग रखा गया। वर्ष 2006 में जब वह मुंबई गईं तो उदित नारायण झा और दीपा नारायण द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज कर उन्हें घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिसके बाद उन्हें अपने मूल गांव ग्राम भारदह, पोस्ट मधवापुर लौटने को मजबूर होना पड़ा।
इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष अंजू तिवारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर लिया गया है। मामले की जांच आवेदन के आधार पर की जाएगी और जांचोपरांत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post