शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार रात को एक बार फिर दो दुकानों में ताला तोड़कर चोरी की वारदातें सामने आईं, जिससे व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 07 निवासी राजा कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे उन्होंने हाट बाजार स्थित अपनी दुकान बंद की थी। शुक्रवार सुबह उन्हें दुकान का ताला टूटने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान का सामान बिखरा हुआ मिला। चोरों ने 17 स्मार्टफोन, 3 कीपैड मोबाइल, गल्ले से 2 हजार रुपये नकद और दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा चुरा लिया। दुकान के सामने लगे कैमरे की फुटेज में धरकार टोल निवासी राहुल कुमार को कुछ अज्ञात सहयोगियों के साथ चोरी करते देखा गया, जिसके बाद पीड़ित ने नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
दूसरी घटना मिडिल चौक स्थित एक एल्युमीनियम दुकान में हुई। वृन्दावन वार्ड संख्या 06 निवासी सिकेन्द्र शर्मा ने बताया कि 19 फरवरी की रात दुकान बंद कर वह घर गए थे। सुबह लौटने पर दुकान का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। चोर एल्युमीनियम काटने वाली मशीन, हथौड़ा, ग्राइंडर, ग्रिल मशीन के साथ-साथ आधार कार्ड और पैन कार्ड भी ले गए। सिकेन्द्र शर्मा ने यह भी बताया कि 8 फरवरी की रात को भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, जिसमें चोर शटर का ताला तोड़कर 10 किलो एल्युमीनियम सामग्री और दस हजार रुपये नकद चुरा ले गए थे। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। सिकेन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया कि थाना परिसर में एक निजी कंप्यूटर ऑपरेटर आवेदन टाइप करने के लिए 300 रुपये लेता है। उन्होंने दोनों चोरियों के लिए कुल 600 रुपये देकर आवेदन दिया है, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बुधवार रात को भी बाजार में अज्ञात चोरों ने चार अन्य दुकानों को निशाना बनाया था।
इस संबंध में थानाप्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि उन्हें कुछ इनपुट मिले हैं और उसी के आधार पर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Post a Comment