*बेतिया डीके गुप्ता।*
बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरवलिया वृत्ति टोला गांव में शनिवार की रात करीब 11 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। नीरज राव, पिता हरिशंकर राव के घर पर अज्ञात लोगों द्वारा एक झोले में रखकर विस्फोटक सामग्री फेंकी गई। उस समय घर के सभी सदस्य टीवी देख रहे थे। अचानक झोला फेंके जाने से घर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झोले में पहाड़ तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले डायनामाइट बम जैसा पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुमार देवेंद्र, प्रशिक्षु डीएसपी सह चौतरवा थानाध्यक्ष अंकित कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने झोले में रखी संदिग्ध सामग्री को जब्त कर अहिरवलिया स्थित जीपी नेशनल पब्लिक स्कूल में सुरक्षित रखा। सुरक्षा के लिए चौकीदार कासीम मियां और जगत नारायण यादव को तैनात किया गया, जिन्होंने रातभर पहरेदारी की। रविवार की सुबह पुलिस ने नीरज राव और रिशू राव को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी उनके घर पर कई बार ईंट, पत्थर और शौचालय जैसी चीजें फेंकी जा चुकी हैं। परिवार का आरोप है कि वे लगातार प्रताड़ना झेल रहे हैं। बताया गया कि हरिशंकर राव पूर्व में सहारा इंडिया में एजेंट के रूप में कार्य करते थे। सहारा के डिफॉल्टर होने के बाद कई लोगों का पैसा डूब गया, जिसके चलते उन्हें और उनके परिवार को आए दिन परेशान किया जा रहा है। फिलहाल मौके पर बगहा एसपी रामानंद कुमार कौशल और एसडीपीओ कुमार देवेंद्र मौजूद हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। बम की जांच के लिए गोपालगंज से स्पेशल टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि जब्त सामग्री किस श्रेणी की है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Post a Comment