धमदाहा नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों व आम लोगों को बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पंचायत धमदाहा ने अहम कदम बढ़ाया है। कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा एवं स्वच्छता अधिकारी नगमा ने यात्री शेड एवं सार्वजनिक शौचालय के निर्माण को लेकर संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल मुख्य द्वार के सामने स्थित बिहार सरकार की भूमि, मुख्य बाजार समिति गेट के समीप तथा धमदाहा नेहरू चौक स्थित धर्मशाला परिसर में शौचालय एवं संबंधित सेट के निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन का भौतिक जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्थल की स्थिति, आवागमन, जनसंख्या दबाव और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा ने बताया कि धमदाहा मुख्यालय क्षेत्र में लगभग 2 किलोमीटर की परिधि में सार्वजनिक शौचालय एवं स्नानघर का निर्माण प्रस्तावित है, ताकि यात्रियों, बाजार आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिल सके। इसके लिए उपयुक्त भूमि की पहचान कर ली गई है और संबंधित जमीन को लेकर अंचल अधिकारी को एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के लिए आवेदन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पंचायत का लक्ष्य है कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता संबंधी सुविधाएं सुलभ हों, जिससे खुले में शौच की प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगे और नगर की छवि स्वच्छ व सुव्यवस्थित बने। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता अधिकारी नगमा ने निर्माण से जुड़े तकनीकी व स्वच्छता मानकों की जानकारी दी और कहा कि निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी सार्वजनिक शौचालय एवं स्नानघर निर्माण की पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बाजार, बस पड़ाव और मुख्य चौक के आसपास ऐसी सुविधाओं की लंबे समय से आवश्यकता थी। नगर पंचायत प्रशासन की इस पहल से न केवल स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि यात्रियों और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एनओसी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
Post a Comment