कुरसेला प्रखंड के त्रिमुहनी संगम तट पर माघी पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर शनिवार को प्रशासन ने त्रिमोहनी संगम तट का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल का नेतृत्व कटिहार एसडीओ प्रद्युम्न सिंह यादव ने किया। उनके साथ डीएसपी रंजन सिंह, सीओ अनुपम कुमारी, थाना अध्यक्ष राकेश कुमार एवं पंचायती राज पदाधिकारी शांतनु कुमार भी मौजूद थे।निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र एवं गंगा स्नान घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, गोताखोरों मेडिकल टीम,की तैनाती सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहन जांच की गई। इस दौरान प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने संगम तट पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं एनएच-31 एवं एसएच-77 सड़क पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए वाहनों का परिचालन कोसी पुल एवं शहीद चौक पर परिचालन करने का आदेश दिया गया, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले हजारों गंगा स्नान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि माघी पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
Post a Comment